हैदरगढ़/बाराबंकी–21 जुलाई
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने लखनऊ सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच 731 पर विरोध प्रदर्शन किया।
मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास पहुंचे अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया जिसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने धरना व विरोध प्रदर्शन किया व सरकार विरोधी नारे लगाये। आपको बता दें कि पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सोनम वांगचुक के समर्थन में पहुंचे थे अखिलेश यादव।
इसी क्रम में सूचना मिलते ही बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक राममगन रावत अपने सभी सहयोगियों के साथ लखनऊ सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हैदरगढ़ चौराहे पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया । उन्होंने सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध किया व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिहा करने की मांग की। इसके साथ ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज यादव ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए ताकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। त्रिवेदीगंज से जिला पंचायत सदस्य रह चुके धर्मेंद्र वर्मा ने भी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और कहा कि बहन बेटियों के साथ दिल्ली पुलिस ने आतंकियों जैसा बर्ताव किया है जिसके लिये पुलिस को माफी मांगनी चाहिए व सरकार को भी माफी मांगनी चाहिए।
वहीं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पप्पू सिद्दिकी ने कहा कि सरकार का रवैया तानाशाही से भरा है और सरकार अपने अहंकार में पूरी तरह से डूब चुकी है। सरकार को झुकना पड़ेगा और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष को रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन की आग पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भड़केगी।
इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाये और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सपा के पूर्व विधायक राममगन रावत, जिला पंचायत सदस्य धीरज यादव हैदरगढ़ व जिला पंचायत सदस्य त्रिवेदीगंज धर्मेंद्र वर्मा, सपा नेता पप्पू सिद्दिकी, राजेश शुक्ला, पंकज यादव समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और लोगों की उपस्थिति रही।
ब्यूरो चीफ़
शिवम् अवस्थी







