लखनऊ–24 जून
राजधानी लखनऊ में इस समय आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है ऐसे में बिजली की सुचारू आपूर्ति जनता के लिए लाइफलाइन बनी हुई है।
लेकिन गोमती नगर ज़ोन के सेक्टर 05 पावर हाउस क्षेत्र से बिजली विभाग की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है जो कभी भी किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 05 पावर हाउस क्षेत्र अंतर्गत आने वाले संकट मोचन द्वार के पास स्थित 63 केवीए का एक ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोड और भीषण गर्मी के कारण पूरी तरह फुंक गया।
नियमतः विभाग को तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करनी चाहिए थी लेकिन कर्मचारियों ने शॉर्टकट रास्ता अपनाया।
नया ट्रांसफार्मर लगाने के बजाय विभाग ने उस फुंके हुए ट्रांसफार्मर का पूरा लोड पास के ही दूसरे ट्रांसफार्मर पर (लाद)दिया मंडरा रहा है बड़े हादसे और ब्लैकआउट का खतरा
विभाग के इस जुगाड़ू रवैये से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पहले से ही क्षमता से अधिक चल रहे दूसरे ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ने से उसके भी फुंकने या उसमें आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
पूरे क्षेत्र का भार एक ही ट्रांसफार्मर पर आने से घरों में लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है जिससे पंखे कूलर और एसी शोपीस बनकर रह गए हैं।
इस भीषण गर्मी में ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर कभी भी बड़े धमाके के साथ ब्लास्ट हो सकता है जिससे पास से गुजरने वाले राहगीरों को जान-माल का नुकसान होने की प्रबल संभावना है।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि इस अस्थायी जुगाड़ को हटाकर तत्काल नया 63 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए ताकि क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को इस जानलेवा गर्मी में बिजली संकट और संभावित खतरे से निजात मिल सके।
अब देखना यह है कि कुंभकर्णी नींद में सोया स्थानीय बिजली प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करता है या समय रहते सुध लेता है।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह
#mdmvvnl #ChairmanUppcl #UPGovernment #EMofficeUP #gomtinagarzonelesa #LucknowNews







