लखनऊ–24 जून
राजधानी लखनऊ में पड़ रही इस भीषण और रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बीच बिजली विभाग की एक बेहद चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है।
गोमतीनगर ज़ोन अंतर्गत आने वाले कमता पावर हाउस क्षेत्र स्थित पीताम्बरा विहार (633, पीताम्बरा विहार रोड, गोविंद विहार,कमता) में पिछले लगभग एक महीने से एक मुख्य विद्युत परिवर्तक फुंका पड़ा है जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का आलम यह है कि एक माह बीत जाने के बाद भी इस फुंके हुए ट्रांसफार्मर को आज तक बदला नहीं जा सका है।
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी और तस्वीर में साफ देखी जा रही जमीनी स्थिति के अनुसार फुंके हुए परिवर्तक के ठीक बगल में स्थापित दूसरे ट्रांसफार्मर के भरोसे फिलहाल पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति खींची जा रही है।
पारा लगातार ऊपर चढ़ने के कारण घरों में एसी कूलर और पंखों का इस्तेमाल चरम पर है ऐसे में बगल वाले ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक भार पड़ रहा है।
तकनीकी जानकारों और स्थानीय लोगों का मानना है कि इस भीषण गर्मी में ओवरलोड के कारण यह दूसरा चालू परिवर्तक भी कभी भी जवाब दे सकता है अगर ऐसा हुआ तो पूरा पीताम्बरा विहार क्षेत्र पूरी तरह से अंधकार में डूब जाएगा और संकट गहरा जाएगा।
लगभग 30 दिनों से फुंका पड़ा है एक ट्रांसफार्मर नहीं ली गई सुध बगल के ट्रांसफार्मर पर ओवरलोडिंग के कारण कभी भी ब्लास्ट या तकनीकी खराबी आने की आशंका बनी हुई है।
जैसा कि ऑन-ग्राउंड विजुअल्स में देखा जा सकता है दोनों ट्रांसफार्मर पास-पास स्थित हैं और फुंके हुए सिस्टम को बदला जाना बेहद जरूरी हो चुका है।
भीषण गर्मी और उमस के इस दौर में एक-एक मिनट बिजली कटना लोगों के लिए आफत बना हुआ है ऐसे में एक महीने तक ट्रांसफार्मर न बदलना बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम से मांग की है कि किसी बड़े हादसे या पूरी तरह से बिजली ठप होने का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभाव से नया परिवर्तक वहां स्थापित किया जाए ताकि जनता को इस संभावित संकट से निजात मिल सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








