लखनऊ–13 जून
राजधानी के सबसे पॉश इलाकों में शुमार गोमती नगर से एक बेहद लापरवाही भरा और डराने वाला मामला सामने आया है।
गोमती नगर ज़ोन के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 04 पावर हाउस क्षेत्र स्थित शिप्रा अपार्टमेंट के पास एक हाई टेंशन लाइन का लोहे का खम्भा पूरी तरह से गलकर खोखला हो चुका है।
हैरान करने वाली बात यह है कि यह खम्भा बिजली विभाग के पावर हाउस की नाक के नीचे स्थित है लेकिन इसके बावजूद ज़िम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं।
संलग्न तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि खम्भे का निचला हिस्सा जंग लगने के कारण पूरी तरह से गल चुका है और उसमें एक बहुत बड़ा छेद हो गया है।
खम्भे को गिरने से अस्थाई रूप से रोकने के लिए उस पर पतले तारों को लपेटा गया है जो विभाग के जुगाड़ तंत्र और घोर लापरवाही को उजागर करता है।
हाई टेंशन लाइन का यह खम्भा घनी आबादी और अपार्टमेंट के ठीक पास है, जो किसी भी वक्त बड़े हादसे का सबब बन सकता है।
शिप्रा अपार्टमेंट और आसपास के लोगों का कहना है कि यह खम्भा हवा के तेज झोंके या मामूली दबाव से भी कभी भी भरभरा कर गिर सकता है।
हाई टेंशन लाइन होने के कारण यदि यह खम्भा गिरता है तो जान-माल का भारी नुकसान होना तय है।
स्थानीय लोगों द्वारा कई बार सूचित किए जाने के बावजूद भी बिजली विभाग का अमला किसी बड़े हादसे के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
उठते कुछ गंभीर सवाल यह कि पावर हाउस के इतने करीब होने के बावजूद रोज़ाना वहां से गुजरने वाले इंजीनियरों और लाइनमैनों की नज़र इस पर क्यों नहीं पड़ी?
क्या बिजली विभाग सिर्फ किसी अनहोनी के होने के बाद ही जागेगा?
इस घोर लापरवाही के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही कब होगी?
स्थानीय जनता ने शासन-प्रशासन और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस जर्जर और गले हुए खम्भे को तत्काल हटाकर नया खम्भा लगाया जाए ताकि किसी बड़ी त्रासदी को समय रहते टाला जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








