गोमतीनगर/लखनऊ–06 जून
राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके गोमतीनगर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है जिससे स्थानीय निवासियों की जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
गोमतीनगर ज़ोन के अंतर्गत आने वाले विवेक खण्ड 03 में बिजली विभाग की वर्टिकल व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और अनुरक्षण कार्य का बहुत ही बुरा हाल है।
जैसा कि तस्वीर में साफ देखा जा सकता है विवेक खण्ड 3 के एकता पार्क (मकान संख्या 3/401) के पास लगा हाई-वोल्टेज ट्रांसफार्मर और बिजली का पोल पूरी तरह से घनी हरी झाड़ियों और जंगली बेलों के जाल में फंसा हुआ है पूरे ट्रांसफार्मर को इन लताओं ने अपनी चपेट में ले लिया है।
गर्मी के इस मौसम में जब ट्रांसफार्मर अत्यधिक गर्म हो जाते हैं ऐसे में हरी और सूखी झाड़ियों के संपर्क में रहने से कभी भी भीषण शॉर्ट सर्किट या भयंकर आग लगने की घटना घट सकती है।
इस गंभीर लापरवाही के पीछे क्षेत्र के अवर अभियंता एच टी एल टी सौरभ कुशवाहा का नाम सामने आ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है जबकि जमीन पर स्थिति बेहद खतरनाक है।
बिना किसी सुचारू रख-रखाव के इस तरह ट्रांसफार्मर को छोड़ देना जेई सौरभ कुशवाहा के कार्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है।
यह इलाका एक आवासीय क्षेत्र है और पास में ही पार्क स्थित है जहाँ रोज़ाना बच्चों और बुजुर्गों का आना-जाना लगा रहता है।
तस्वीर के अनुसार यह ट्रांसफार्मर सड़क और फुटपाथ के ठीक किनारे पर है जरा सी भी चिंगारी यहाँ किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर झाड़ियों की छंटाई कराई जाए और लापरवाह अवर अभियंता के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







