गोमती नगर/लखनऊ–06 जून
अवर अभियंता सौरभ कुशवाहा की मनमानी चरम पर गोमतीनगर में सड़ चुका है हाई टेंशन लाइन का खम्भा बड़े हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार अवर अभियंता
राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर से बिजली विभाग की एक ऐसी घोर लापरवाही सामने आई है जो किसी भी दिन बड़े हादसे का सबब बन सकती है।
गोमतीनगर ज़ोन अंतर्गत आने वाले क्षेत्र विजय खण्ड, उजरियांव (2/37, विजय खण्ड 2) में हाई टेंशन लाइन का एक लोहे का खम्भा नीचे से पूरी तरह सड़कर गल चुका है जो कभी भी धराशायी हो सकता है।
क्षेत्र से सामने आई तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि खम्भे का निचला हिस्सा जंग लगने और सड़ने के कारण पूरी तरह खोखला हो चुका है खम्भे को सहारा देने वाला कंक्रीट का बेस भी टूटकर बिखर गया है।
यह खम्भा अब सिर्फ नाममात्र के सहारे टिका हुआ है चूंकि यह हाई टेंशन लाइन का पोल है इसलिए इसके गिरने से न सिर्फ इलाके की बिजली गुल होगी बल्कि भारी जान-माल का नुकसान भी हो सकता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस गंभीर खतरे की जानकारी होने के बावजूद क्षेत्र के अवर अभियंता एच0टी0/एल0टी0 सौरभ कुशवाहा अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं जनता की सुरक्षा और इस जर्जर पोल को बदलने को लेकर उनका रवैया पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
बार-बार ध्यान आकर्षित कराए जाने के बाद भी अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है।
वर्तमान में भीषण गर्मी और तेज हवाओं का मौसम है ऐसे में यह जर्जर पोल तेज हवा का एक झोंका भी बर्दाश्त नहीं कर पाएगा।
घनी आबादी वाले विजय खण्ड 02 उजरियांव क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही स्थानीय नागरिकों की जिंदगी के साथ सरेआम खिलवाड़ है।
स्थानीय निवासियों ने अब बिजली विभाग केउच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लिया जाए लापरवाह अवर अभियंता सौरभ कुशवाहा के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए और किसी अनहोनी से पहले इस सड़ चुके खम्भे को तुरंत बदला जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







