लखनऊ/गोमती नगर–05 जून
राजधानी के सबसे विकसित और पॉश इलाकों में शुमार गोमती नगर से एक बेहद डरावनी और चिंताजनक तस्वीर सामने आई है।
गोमती नगर ज़ोन के अंतर्गत आने वाले विपुल खण्ड मार्केट में हाई टेंशन और लो टेंशन लाइनों को थामे खड़े लोहे के खंभे इस कदर सड़ चुके हैं कि वे कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता एच0टी0/एल0टी0 सौरभ कुशवाहा इस गंभीर खतरे से पूरी तरह बेपरवाह बने हुए हैं।
जैसा कि संलग्न तस्वीर में साफ देखा जा सकता है लोहे का यह मजबूत खंभा नीचे जमीनी सतह से पूरी तरह सड़ कर गल चुका है।
खंभे के निचले हिस्से में एक बड़ा और गहरा छेद हो गया है जिसने इसकी पूरी मजबूती को खत्म कर दिया है इसके चारों तरफ लगा कंक्रीट का बेस भी पूरी तरह टूट कर बिखर चुका है।
यह खंभा अब केवल एक खोखले ढांचे के रूप में खड़ा है जो भारी तारों के बोझ और तेज हवा के एक झोंके से कभी भी धराशायी हो सकता है।
व्यस्त मार्केट में मंडरा रहा है मौत का साया विपुल खण्ड एक बेहद व्यस्त कमर्शियल और आवासीय क्षेत्र है।
यहाँ रोजाना सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासी राहगीर और खरीदार आते-जाते हैं हाई टेंशन लाइन का यह खंभा सीधे तौर पर लोगों की ‘मौत को दावत’ दे रहा है।
अगर यह खंभा किसी राहगीर वाहन या दुकान पर गिरता है तो इसकी वजह से होने वाले जान-माल के नुकसान की कल्पना मात्र से रूह कांप जाती है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस बेहद संवेदनशील मामले में बिजली विभाग के अवर अभियंता सौरभ कुशवाहा गहरी नींद में सो रहे हैं।
हाई टेंशन और लो टेंशन लाइनों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाले अवर अभियंता सौरभ कुशवाहा को शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार है तभी तो इस तरह के ‘सड़ चुके’ और खतरनाक खंभों को बदलने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
विपुल खण्ड मार्केट के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अवर अभियंता के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए|
किसी भी अप्रिय घटना या जनहानि से पहले इस जर्जर खंभे को हटाकर नया खंभा लगाया जाए और लापरवाह अवर अभियंता की जवाबदेही तय की जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







