लखनऊ/गोमतीनगर–05 जून
राजधानी के वीआईपी इलाकों में शुमार गोमतीनगर से एक बेहद डरावनी और बिजली विभाग की घोर लापरवाही को उजागर करने वाली तस्वीर सामने आई है।
गोमतीनगर ज़ोन के अंतर्गत आने वाले विशाल खण्ड-3 (मकान संख्या 3/357 के पास) में एक हाई टेंशन लाइन का लोहे का पोल पूरी तरह खोखला हो चुका है खम्भे के निचले हिस्से को जंग इस कदर खा चुकी है कि उसमें बड़े-बड़े छेद हो गए हैं और वह सिर्फ नाममात्र के सहारे टिका है।
प्राप्त तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि पोल की जमीनी नींव के पास का लोहा सड़कर पूरी तरह टूट चुका है यह पोल किसी भी वक्त तेज हवा आंधी या मामूली दबाव से भरभराकर गिर सकता है।
चूंकि यह एक हाई टेंशन लाइन का खम्भा है इसलिए इसके गिरने से न सिर्फ पूरे इलाके की बत्ती गुल होगी बल्कि करंट फैलने से कई मासूमों की जान भी जा सकती है।
इस बेहद संवेदनशील और खतरनाक मामले में स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता पूरी तरह लापरवाह और अनजान बने हुए हैं।
नियमित पेट्रोलिंग और मेंटेनेंस के दावों की हवा निकालते हुए विभाग को इस खतरे की कोई परवाह नहीं है।
घने आवासीय क्षेत्र विशाल खण्ड में हर समय लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है ऐसे में यह जर्जर पोल एक लाइव टाइम बम की तरह खड़ा है।
इलाके के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
यदि समय रहते इस जंग लगे खम्भे को नहीं बदला गया तो यहां कोई बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता है जिसकी पूरी जिम्मेदारी गोमतीनगर ज़ोन के संबंधित अवर अभियंता और बिजली विभाग की होगी।
हाई टेंशन लाइन का पोल नीचे से पूरी तरह गलकर खोखला हुआ।
अवर अभियंता एचटी-एलटी लाइन के इस बड़े खतरे से बेखबर।
उच्च अधिकारियों को तत्काल इस मामले का संज्ञान लेकर जर्जर पोल को बदलवाना चाहिए ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







