लखनऊ–30 मई
राजधानी के पॉश इलाके गोमती नगर ज़ोन के अंतर्गत आने वाले पावर हाउस क्षेत्र से एक बेहद डरावनी और लापरवाही की बड़ी तस्वीर सामने आई है। यहाँ के हरिहर नगर (कमता) इलाके में बिजली का एक मुख्य खम्भा नीचे से पूरी तरह टूटकर सिर्फ तारों के सहारे हवा में लटक रहा है इस गंभीर लापरवाही के कारण स्थानीय निवासियों के सिर पर चौबीसों घंटे मौत का साया मंडरा रहा है।
मामला गोमती नगर ज़ोन के हरिहर नगर कमता का है। यहाँ सड़क किनारे लगा एक पुराना लोहे का खम्भा जिस पर हाई टेंशन और एलटी लाइन के दर्जनों तारों का भारी जाल बिछा हुआ है वह नीचे (जड़) से पूरी तरह गलकर या टूटकर अलग हो चुका है। वर्तमान में यह खम्भा ज़मीन से पूरी तरह कट चुका है और सिर्फ उस पर बंधे बिजली व केबल के तारों के खिंचाव के दम पर टिका हुआ है|
तस्वीर में साफ़ देखा जा सकता है कि यह लटकता हुआ खम्भा एक तीन मंजिला आवासीय इमारत और एक घर के मुख्य गेट के ठीक सामने स्थित है।
हवा के तेज़ झोंके या तारों पर थोड़ा भी दबाव बढ़ने से यह भारी-भरकम खम्भा किसी भी समय पास के मकान या राहगीरों पर गिर सकता है।
खम्भा गिरते ही हाई टेंशन लाइन के लाइव तार टूट सकते हैं जिससे पूरे इलाके में जानलेवा करंट फैलने का गंभीर ख़तरा बना हुआ है।
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि बिजली विभाग को इस तरह के जर्जर खम्भों की समय-समय पर जाँच करनी चाहिए।
इस बेहद संवेदनशील और ख़तरनाक स्थिति को देखने के बाद भी स्थानीय पावर हाउस के ज़िम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं।
क्या विभाग किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतज़ार कर रहा है?
हमारा अनुरोध–न्यूज़ बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों और लखनऊ ज़ोन के मुख्य अभियंता का ध्यान इस ओर आकर्षित करता है जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस लटके हुए खम्भे को तत्काल हटाकर यहाँ नया खम्भा लगाया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








