लखनऊ–29 मई
गिरने की कगार पर हाई टेंशन लाइन का खंभा, बड़े हादसे का इंतजार कर रहा बिजली विभाग!
राजधानी के गोमती नगर ज़ोन अंतर्गत आने वाले कमता पावर हाउस क्षेत्र स्थित हरिहर नगर से एक बेहद संवेदनहीन और डराने वाली तस्वीर सामने आई है।
यहाँ कमता पावर हाउस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरिहर नगर में हाई टेंशन लाइन और सैकड़ों तारों के बोझ से लदा एक बिजली का खंभा एक तरफ बुरी तरह झुक चुका है।
यह खंभा कभी भी गिरकर किसी बड़े हादसे को अंजाम दे सकता है लेकिन बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं।
हरिहर नगर की इस गली से रोजाना सैकड़ों लोग स्कूली बच्चे और गाड़ियां गुजरती हैं। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि खंभे पर इंटरनेट केबल और बिजली के तारों का एक भारी-भरकम मकड़जाल बना हुआ है।
इस अत्यधिक वजन और सही रखरखाव न होने के कारण मुख्य खंभा अपनी जगह से काफी ज्यादा झुक चुका है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हम हर वक्त डर के साए में जीने को मजबूर हैं जरा सी तेज हवा या आंधी आने पर इस खंभे के गिरने का खतरा और बढ़ जाता है अगर यह गिरा तो न सिर्फ पूरे इलाके की बिजली गुल होगी बल्कि किसी की जान पर भी बन सकती है।
गंभीर सवाल क्या विभाग को किसी बड़ी अनहोनी या जानमाल के नुकसान का इंतजार है?
एक तरफ लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने का दावा किया जाता है वहीं दूसरी तरफ गोमती नगर जैसे पॉश ज़ोन के पास ऐसी खतरनाक जमीनी हकीकत बिजली विभाग के दावों की पोल खोलती है।
तारों का यह गुच्छा और झुका हुआ पोल सीधे तौर पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।
स्थानीय जनता ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम को चाहिए कि वह इस हरिहर नगर वाले स्पॉट का तुरंत मुआयना करें इस झुके हुए पोल को बदला जाए या सीधा करके सपोर्ट दिया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








