हैदरगढ़/बाराबंकी–09 मई
मामला हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बहुता का है जहां बाइक से जा रहे पति और बच्चों के साथ जा रही महिला के साथ 2 बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। उक्त घटना से जहां लाखों की लूट की घटना मामला सामने आया है वहीं पूरे क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया है और पुलिस पेट्रोलिंग पर सवालिया निशान उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार बहुता गांव निवासी अरविंद मिश्रा प्रिंसू पुत्र कमल मिश्रा अपनी पत्नी रश्मि मिश्रा उम्र लगभग 35 वर्ष जो कि अपनी प्लेटिना बाइक से अपने मामा के घर राजा फत्तेपुर थाना मोहनगंज से वापस अपने घर बहुता के लिये लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने घटना को तमंचे की नोक पर अंजाम दिया। घटना शुक्रवार शाम लगभग सवा सात और साढ़े सात बजे के आसपास की है जब वो हैदरगढ़ रायबरेली रोड से होते हुये बहुता गेट से गांव की तरफ सुजारा मोड़ के पास पहुंचे ही थे तभी पीछा करते हुये अपाचे बाइक बिना नंबर प्लेट पर बैठे हुये 2 बदमाश फिल्मी स्टाइल में पहुंचे और रश्मि मिश्रा के गले में कट्टा लगाकर गले की सोने की चेन लगभग 10 ग्राम, कान के झाले लगभग 7 ग्राम व गोल्ड लाकेट निकाल लिया, तभी वहां पीछे से आ रहे बहुता गांव के ही अभय व निर्भय शुक्ला हैदरगढ़ से अपनी दुकान बंद कर वापस बहुता जा रहे थे जब दोनों भाइयों ने बाइक रोककर पूछा क्या हो रहा है तो बदमाशों ने धमकी देते हुये निकल जाने की बात कही। अभय निर्भय थोड़ा आगे बढ़े ही थे कि प्रिंशू ने रूकने की आवाज दी तभी दोनों बाइक सवार बदमाशों ने कट्टा निकाला और दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। दोनों भाइयों के आगे बढ़ते ही बदमाश वापस बहुता गेट की तरफ भाग निकले। घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना 112 पुलिस को दी गयी उसके बाद 112 पुलिस के साथ साथ कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय व कुछ ही देर में पुलिस क्षेत्राधिकारी समीर कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय भी घटनास्थल पर पहुंचे व अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे व घटनास्थल का जायजा लिया। घटनास्थल पर पहुंची एसओजी टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गयी हैं। हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस ने लिखित तहरीर के आधार पर 2 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर बारीकी से घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है और जल्द ही घटना का खुलासा हो सकता है।अब देखना है कि पुलिस इस घटना का खुलासा कितनी जल्द करती है या फिर अपराधियों के हौंसले यूं ही बुलंद नजर आयेंगे।
ब्यूरो चीफ़
शिवम् अवस्थी







