लखनऊ–09 अप्रैल
उत्तर प्रदेश की राजधानी के सबसे पॉश इलाकों में शुमार गोमतीनगर विस्तार अब “अवैध खनन सिंडिकेट” की गिरफ्त में है। यहाँ सेक्टर-6 स्थित सब्जी मंडी के ठीक दूसरी ओर रोजाना मौरंग और गिट्टी से लदे दर्जनों डंपरों की लंबी कतारें लग रही हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी रोष है।
वसूली में व्यस्त पुलिस, जनता त्रस्त
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस इन डंपरों पर कार्रवाई करने के बजाय ‘सुविधा शुल्क’ वसूलने में मशगूल है। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ये डंपर न सिर्फ यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।
जाम और हादसों का सबब बना ‘अवैध स्टैंड’
सब्जी मंडी के पास होने के कारण यहाँ सुबह से शाम तक आवाजाही रहती है। सड़क के आधे हिस्से पर डंपरों का कब्जा होने के कारण यहाँ आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।
सड़क सुरक्षा खतरे में:
रात के अंधेरे में बिना इंडिकेटर खड़े ये डंपर हादसों को दावत दे रहे हैं।
प्रदूषण की मार:
रिहायशी इलाके में मौरंग-गिट्टी के अवैध भंडारण और डंपरों की आवाजाही से धूल और प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है।
पुलिस की सरपरस्ती के बिना राजधानी की मुख्य सड़कों पर इस तरह अवैध रूप से डंपर खड़ा करना मुमकिन नहीं है। यह सीधे तौर पर जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








