हैदरगढ़/बाराबंकी–03 अप्रैल
गुरूवार को आग लगने से किसानों की पचास बीघा से ज्यादा की फसल राख हो गई।
पूरा मामला सुबेहा थाना क्षेत्र के पांडे का पुरवा मजरे इस्लामपुर गांव का है जहां गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग जाने से कई गांवों के लगभग ढाई दर्जन से ज्यादा किसानों की 50 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर देवपुरा गांव निवासी एक किसान के गेंहू के खेत में आग की लपटें उठती हुई दिखाई पड़ी। जिसके बाद ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े । जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक आग ने पछुआ हवाओं के सहारे पाण्डेय पुरवा, देवपुरा, जगदिशवापुर निवासी श्यामलाल, हरिशंकर, विद्यावती,रामप्रकाश, हरिशरण, शिवराम, राजेश, शकुंतला, गुड्डू, सहजहाँ बानो, रामशरण, बद्री विशाल,रमपता, कुलदीप पांडेय सहित ढाई दर्जन से अधिक किसानों की लगभग 50 बीघा गेहूं की खड़ी फसल को अपने कब्जे में ले लिया । दोपहर लगभग डेढ़ से 2:00 बजे के बीच में लगी आग की सूचना मिलने के आधे घंटे बाद जब दमकल कर्मी गाड़ी लेकर पहुंचे तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। सूचना पाकर हल्का लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया । बताया कि रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी जाएगी। सहायता स्वीकृत होने पर ग्रामीणों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








