*स्थानीय जनप्रतिनिधियों का धरना प्रदर्शन जारी, सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज यादव, भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष अशोक सिंह व जिला सचिव संतोष सिंह, अधिवक्ता सोमिल शुक्ला, रायबहादुर यादव समेत काफी संख्या में लोग धरने पर बैठे*
हैदरगढ़/बाराबंकी–01 अप्रैल
मामला हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के दतौली चौराहे का है जहां पर काफी संख्या में स्थानीय लोगों का धरना प्रदर्शन जारी है।
पूरा मामला दतौली चौराहे से बाबा टीकाराम धाम जाने वाले रास्ते पर स्थित कंपोजिट ठेका को लेकर है, ठेका का जो बोर्ड लगा हुआ है उस पर न तो कहीं ठेका संचालक का नाम है और न ही ठेका का लाइसेंस नंबर अंकित है । मुख्य विवाद उक्त ठेका जहां पर आये दिन होने वाले विवाद व आवागमन में लोगों को होने वाली समस्या को लेकर है। स्थानीय लोगों की मानें तो लोग वहीं पर दारू शराब लेकर पीते हैं और रास्ते से गुजर रही बहन बेटियों व आम जनमानस के साथ अभद्रता करते हैं। अधिवक्ता सोमिल शुक्ला ने कहा कि उनके द्वारा एक हफ्ते पूर्व संपूर्ण समाधान दिवस में उक्त समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया गया था लेकिन अभी तक कोई खास कार्यवाही नहीं हुई है। वहीं दो बार के जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता धीरज यादव ने कहा कि ये ठेका बाबा टीकाराम की तपोस्थली जाने वाले मार्ग पर स्थित है और प्रतिदिन यहां से हजारों लोग गुजरते हैं जिनको समस्या का सामना करना पड़ता है, इसलिए ठेका स्थानांतरित किया जाय। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि आसपास के दो दर्जन गांवों की बहन बेटियों व स्कूली बच्चों के जाने का एकमात्र मार्ग है जिससे बहन बेटियों को आये दिन समस्या से जूझना पड़ता है, लोग शराब पीकर रास्ते में खड़े हो जाते हैं और महिलाओं से छींटाकशी करते हैं, उन्होंने मामले को लेकर प्रशासन से कड़ा एक्शन लेते हुवे ठेका स्थानांतरित करने की मांग की व चेतावनी दी कि यदि इस पर यदि कठोर कार्यवाही नहीं हुई तो तहसील मुख्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया जायेगा। भाकियू टिकैत के जिला सचिव संतोष सिंह ने उक्त मामले को लेकर प्रशासन से शीघ्र अतिशीघ्र ठेका स्थानांतरित करने की मांग की और कहा कि वो आम जनमानस की समस्याओं के निदान के लिये हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं चाहे इसके लिये जेल ही क्यों न जाना पड़े। अब देखना है कि उक्त मामले को लेकर शासन प्रशासन द्वारा क्या कठोर कार्यवाही की जायेगी ये देखने वाली बात होगी। क्या जिम्मेदार लोग कुंभकर्णी नींद से जागेंगे या नहीं ये बड़ा सवाल है।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








