लखनऊ/चिनहट–26 मार्च
राजधानी में बिजली विभाग की ‘वर्टिकल व्यवस्था’ और दावों की हवा निकलती नजर आ रही है। गोमतीनगर ज़ोन के शिवपुरी पावर हाउस क्षेत्र में एक हाई टेंशन (HT) लाइन का खंभा किसी भी वक्त काल बन सकता है। चिनहट कोतवाली मार्ग पर नाले के पास खड़ा यह खंभा अब पूरी तरह ‘भगवान भरोसे’ है, जिससे क्षेत्र में कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है।
हादसे को दावत: शिकायतों का अंबार, फिर भी जिम्मेदार मौन
स्थानीय निवासियों और जानकारों का कहना है कि इस झुकते हुए खंभे की सूचना कई बार विभागीय कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। लेकिन आलम यह है कि:
शिकायतें रद्दी की टोकरी में: अनेकों बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
कर्मचारियों की सुस्ती: विभागीय कर्मी इस खतरे से पूरी तरह अनजान बने हुए हैं या फिर जानबूझकर नज़रअंदाज़ कर रहे हैं।
आमजन में दहशत: चिनहट कोतवाली मार्ग जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह का खतरा लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है।
“किसी भी दिन गिर सकता है खंभा”
नाले के पास की मिट्टी और खंभे की वर्तमान स्थिति को देखकर राहगीरों और दुकानदारों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही किसी मासूम की जान ले सकती है।
अधिकारियों से सीधे सवाल?
क्या विभाग किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही नींद से जागेगा?
राजधानी के वीआईपी गोमतीनगर ज़ोन के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र की यह हालत है, तो ग्रामीण इलाकों का क्या होगा?
बार-बार सूचना देने के बाद भी कार्रवाई न करने वाले कर्मियों पर जवाबदेही कब तय होगी?
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








