मलेशेमऊ/लखनऊ–23 मार्च
राजधानी के पॉश इलाकों के करीब स्थित गांवों में सरकारी जमीनों को डकारने का खेल बदस्तूर जारी है। ताज़ा मामला नगर निगम ज़ोन-04 के अंतर्गत आने वाले मलेशेमऊ गांव का है, जहाँ एक स्थानीय दबंग द्वारा सरकारी भूमि पर खुलेआम कब्जा किया जा रहा है आश्चर्य की बात यह है कि पूरा प्रशासन इस मामले में ‘मौन’ साधे बैठा है कूड़े और गोबर को हथियार बनाकर सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मलेशेमऊ निवासी एक व्यक्ति द्वारा सरकारी जमीन को हथियाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया जा रहा है। जमीन पर पहले कूड़े और गोबर का ढेर लगाकर उसे घेरने की कोशिश की जा रही है, ताकि धीरे-धीरे उस पर अपना दावा ठोका जा सके|
अवैध कब्जे की जिद इस कदर बढ़ गई है कि उक्त व्यक्ति ने सार्वजनिक सड़क के किनारे-किनारे बड़े पत्थर गाड़ दिए हैं इससे न केवल सड़क संकरी हो गई है, बल्कि स्थानीय निवासियों का आवागमन भी पूरी तरह बाधित हो रहा है। राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
हैरानी की बात यह है कि राजधानी के नाक के नीचे हो रहे इस अवैध कब्जे से नगर निगम और तहसील प्रशासन पूरी तरह अनजान बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे कब्जा करने वाले के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








