लखनऊ–23 मार्च
राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर ज़ोन से सटे ग्रामीण अंचल में भ्रष्टाचार और लापरवाही का एक खौफनाक मंजर देखने को मिल रहा है। गोमतीनगर ज़ोन के सेक्टर 01 पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले मलेशेमऊ गांव में एक हाई टेंशन लाइन का खम्भा पूरी तरह गल चुका है, जो कभी भी धराशायी होकर किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है|
मलेशेमऊ गांव की मस्जिद के बगल वाली गली में लगा यह खंभा नीचे से पूरी तरह सड़ (गल) चुका है। ताज्जुब की बात यह है कि यह खंभा अब जमीन के सहारे नहीं, बल्कि उस पर दौड़ रहे हाई टेंशन तारों के खिंचाव के सहारे हवा में झूल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत की, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सो रहे हैं।
प्रबंधन की ओर से अक्सर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन मलेशेमऊ की यह तस्वीर उन दावों को ठेंगा दिखा रही है।
अवर अभियंता (JE) की लापरवाही: क्षेत्रीय JE को शायद आम जनता की जान की कोई परवाह नहीं है।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़े खंभे की यह हालत विभागीय रखरखाव के नाम पर होने वाले खर्चों और सामग्री की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े करती है।
लोगों में इस समय दहशत का माहौल है। लोगों को डर है कि हल्की सी बारिश या तेज हवा इस खंभे को गिरा सकती है जिससे पूरी गली में करंट फैलने का खतरा है लेकिन कोई अधिकारी संज्ञान नहीं ले रहा|
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हम लोग हर पल डर के साये में जी रहे हैं खंभा नीचे से खत्म हो चुका है कभी भी गिर सकता है अगर कोई हादसा हुआ तो उसका जिम्मेदार कौन होगा?
बड़ा सवाल: क्या हादसे के बाद जागेंगे जिम्मेदार?
विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को इस ओर तत्काल संज्ञान लेने की आवश्यकता है क्या विभाग किसी मासूम की जान जाने या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? मलेशेमऊ की जनता अब सीधे मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से हस्तक्षेप की उम्मीद कर रही है ताकि इस खूनी खंभे को जल्द से जल्द बदला जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








