हैदरगढ़/बाराबंकी–23 मार्च
शनिवार को जहां पूरे देश में ईद का त्योहार मनाया गया वहीं हैदरगढ़ क्षेत्र के तमाम मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में शनिवार की सुबह ईद की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में अता की गई।
सुबह से ही मस्जिदों के आसपास रौनक दिखाई दी और नमाजी नए परिधानों में सजे हुए अपने-अपने नजदीकी मस्जिदों की ओर जाते नजर आए नमाज अता करने के बाद लोगों ने देश और समाज में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
हैदरगढ़ कस्बे की प्रसिद्ध बड़ी पानी टंकी के पास मस्जिद सहित अंसारी, सुबेहा,बड़वल, भिलवल, दतौली नई सड़क और आसपास के अन्य मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हैदरगढ़ की टाउन स्थित जामा मस्जिद में नमाजियों की अधिक संख्या को देखते हुए ईद की नमाज दो शिफ्टों में अता कराई गई, ताकि सभी लोग आसानी से नमाज अदा कर सकें।
नमाज के बाद मस्जिदों के बाहर भाईचारे और प्रेम का अनोखा दृश्य देखने को मिला। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया जगह-जगह लोग एक-दूसरे के घर जाकर भी ईद की शुभकामनाएं दे रहे थे, जिससे पूरे क्षेत्र में ईद की खुशियां और रौनक बिखरी रही।
ईद के मौके पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हैदरगढ़ थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल पूरे क्षेत्र में पुलिस बल के साथ सक्रिय रूप से भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
वहीं हैदरगढ़ कस्बे की व्यवस्था तेजतर्रार उप निरीक्षक के के यादव ने संभाली और पुलिस टीम के साथ लगातार निगरानी बनाए रखी।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से ईद का त्योहार पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।
त्योहार के इस अवसर पर हर तरफ खुशियों का माहौल देखने को मिला और लोगों ने जाति मजहब भूलकर एक दूसरे से मिलजुल कर ईद का पर्व मनाया।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








