बाराबंकी–12 मार्च
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में बाराबंकी जनपद के सिद्धौर कस्बे में विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला दहन किया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष दीप्तांशु निगम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सिद्धौर स्थित सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कस्बे में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मील चौराहे पर पहुंचकर मौलाना सलीम का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
इस दौरान जिला अध्यक्ष दीप्तांशु निगम ने कहा कि मुख्यमंत्री की मां को लेकर की गई टिप्पणी न केवल एक व्यक्ति बल्कि पूरे समाज और मातृत्व का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
बताया जा रहा है कि हाल ही में बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर की गई विवादित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और विभिन्न स्थानों पर शिकायतें व एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखी गई।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








