लखनऊ–24 फ़रवरी
आज हम आपको दिखा रहे हैं विकास के दावों के बीच एक ऐसी तस्वीर,जो नगर निगम के कामकाज पर बड़े सवालिया निशान खड़े करती है।
राजधानी के नगर निगम ज़ोन 04 अन्तर्गत आने वाले वार्ड नंबर 12 की स्थिति बेहद नारकीय हो चुकी है। यहाँ पीली कॉलोनी के पास लगा कूड़े का अंबार अब स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है।
तस्वीरें साफ बयां करती है कि यह कोई डंपिंग यार्ड नहीं है बल्कि वार्ड नंबर 12 स्थित पीली कॉलोनी के बगल वाला मोड़ है। यहाँ चारों तरफ फैला कूड़ा-कचरा न सिर्फ गंदगी फैला रहा है बल्कि क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहाँ से गुजरना तक दूभर हो गया है। सड़ांध मारते इस कचरे की वजह से संक्रामक बीमारियाँ फैलने का खतरा हर पल बना रहता है।
हैरानी की बात यह है कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।
स्वच्छ भारत अभियान के बड़े-बड़े दावे यहाँ पीली कॉलोनी की इस गंदगी के नीचे दबे नजर आ रहे हैं गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का साया क्षेत्र पर मंडरा रहा है।
सवाल यह उठता है कि क्या नगर निगम किसी बड़ी महामारी का इंतजार कर रहा है? आखिर क्यों
जनता के टैक्स के पैसे वसूलने के बावजूद भी उन्हें गंदगी के ढेर में रहने को मजबूर किया जा रहा है?
दैनिक सुदर्शन प्रवाह प्रशासन से मांग करता है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं और वीडियो को शेयर करें ताकि सोए हुए अधिकारियों की नींद खुले।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








