हैदरगढ़/बाराबंकी–21 फरवरी
हैदरगढ़ तहसील के विकास खण्ड त्रिवेदीगंज क्षेत्र में बिजली विभाग के निजी कर्मचारियों पर डाल छटाई के नाम पर पेड़ काटने और उन्हें रास्ते व खेतों में छोड़ने का आरोप लगा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है और किसानों की फसलें भी बर्बाद हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग का कार्य देखने वाली इम्पीरियल कंपनी के कर्मचारियों ने रौनी ग्राम पंचायत के दाऊदपुर गांव से पूरे गिरवर सिंह का पुरवा जाने वाले खड़ंजे पर दर्जनों पेड़ काट दिए। इन कटे हुए पेड़ों को रास्ते में ही छोड़कर कर्मचारी मौके से चले गए।
पेड़ों के रास्ते में पड़े रहने से ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं, किसानों के खेतों में पेड़ गिरने से उनकी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित कई किसानों और विकास, सूर्यभान जैसे ग्रामीणों ने बताया कि फसलों के साथ-साथ रास्ते में पेड़ों के कारण आवागमन बाधित हुआ है।
इस मामले में कंपनी के सुपरवाइजर सूर्य प्रकाश तिवारी ने अनभिज्ञता जताई है। विद्युत विभाग के एक्सईएन रमेश कुमार ने मामले को देखने की बात कही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








