बाराबंकी–13 फरवरी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को लखनऊ एसटीएफ की टीम ने बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद जिले से लेकर राजधानी तक राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ की टीम ने अचानक दबिश देकर मनोज यादव को अपने कब्जे में लिया। गिरफ्तारी के समय उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौके पर मौजूद बताए गए हैं। हालांकि टीम ने इस कार्रवाई के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
तीन दिन से थे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता बताया जा रहा है कि सपा नेता बीते तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। उनकी पत्नी ने गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस और परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ टीम मनोज यादव को बाराबंकी के बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच टीम उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हो गई। एसटीएफ ने अब तक गिरफ्तारी के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। सपा नेताओं और समर्थकों की नजर अब आगे की कार्रवाई पर टिकी है। इस हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम के बाद बाराबंकी और लखनऊ में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। सभी की निगाहें अब एसटीएफ के आधिकारिक बयान और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हैं|
दैनिक सुदर्शन प्रवाह
ब्यूरो चीफ़
शिवम् अवस्थी








