बाराबंकी–30 जनवरी
जनपद की हैदरगढ़ तहसील के विकास खण्ड त्रिवेदीगंज में ग्रामीणों और फिरोजाबाद निवासी शंकर लाल के बीच लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपजिलाधिकारी के आदेश पर जमीन की पैमाइश की गई, लेकिन ग्रामीण अभी भी इससे संतुष्ट नहीं हैं।
यह विवाद फिरोजाबाद नबीपुर के गाटा संख्या 34 से संबंधित है, जो 291 हेक्टेयर भूमि है और राजस्व रिकॉर्ड में बाग के रूप में दर्ज थी। 13 वर्ष पूर्व फिरोजाबाद निवासी विनोद कुमार, मनोज कुमार और शिवकली ने यह भूमि लदई का पुरवा निवासी शंकर लाल को बेच दी थी। इसी के आधार पर शंकर लाल इस भूमि पर अपना दावा कर रहे हैं।
दूसरी ओर, इस भूमि पर बने घरों में रह रहे ग्रामीणों का कहना है कि उनके पूर्वज पिछले 40 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और वे भी यहीं रह रहे हैं। ग्रामीणों ने हाल ही में हुई पैमाइस पर असंतोष व्यक्त किया है। इस भूमि पर मायाराम, सुशील, विद्यावती, महादेव, रामदुलारे, श्रीराम, रामप्यारे और कमलेशा सहित लगभग 15 ग्रामीणों के मकान बने हुए हैं।
विवाद को देखते हुए हैदरगढ़ के उपजिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा ने अधिकारियों की एक टीम गठित कर जमीन की सही पैमाइश और सीमांकन के आदेश दिए थे। प्रशासन की टीम ने मौके पर पैमाइश की है। कानूनगो बालकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि यह एक प्रारंभिक जांच है, जिसकी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को सौंपी जाएगी और आगे का निर्णय न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।
शंकर लाल ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा बची हुई भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था, जिसके बाद यह पैमाइश कराई गई है। उपजिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक सुदर्शन प्रवाह
ब्यूरो चीफ़
शिवम् अवस्थी








