लखनऊ–03 जुलाई
राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले मासूम विद्यार्थियों की पुण्य स्मृति और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए आज एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा परिषद की गोमतीनगर व्यापार मंडल इकाई द्वारा यह शांति सभा पत्रकार पुरम चौराहे पर आयोजित की गई जहां उपस्थित लोगों ने नम आंखों से मृत छात्रों को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित गोमतीनगर के व्यापारी बंधुओं ने इस हृदय विदारक घटना की कड़े शब्दों में निंदा की इस दौरान सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
संस्था के राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर रेहान अहमद ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन और संबंधित पक्षों को आड़े हाथों लिया उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी जिससे किसी की जान-माल का खतरा उत्पन्न होता हो।
वहीं गोमतीनगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियो अनुराग वर्मा,न्यू टी.पी. ज्वेलर के राजीव रमन,अनुराग सोनी देवेश कुमार यादव एवं शारिक मलिक ने दुख जताते हुए कहा कि विद्यार्थी देश के होनहार भविष्य थे।
इन मासूमों की असामयिक मृत्यु ने समाज को झकझोर कर रख दिया है उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें और यदि कहीं भी कोई लापरवाही नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा परिषद के मुख्यालय या संबंधित सरकारी विभाग को दें।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने गोमतीनगर के व्यापारियों से सरकार द्वारा स्थापित मानकों की अनदेखी न करने का आह्वान किया।
परिषद द्वारा अग्निकांड में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग को लेकर शासन को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है।
सभा के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम में पहुंचे सैकड़ों व्यापारियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें आश्वस्त किया कि व्यापारियों व आम जनता की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








