हैदरगढ़/बाराबंकी–02 जुलाई
कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के बरांवां गांव के अंतर्गत आने वाले पूरे मेहरबान में दो पक्षों में बुधवार को हुये जमीनी विवाद में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई थी वहीं 7 अन्य घायलों का इलाज जारी था।
गुरूवार को जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद मृतक भगवानदीन का शव उनके गांव पहुंचा परिजन एक बार फिर आक्रोशित नजर आये और शव को रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे और लोगों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाये हैं।
मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ साथ थाना प्रभारी भी मौजूद रहे और परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार न करने के फैसले के बाद प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रधान प्रतिनिधि बरांवां बृजेश सिंह व पूर्व प्रधान रामकुमार सिंह के हस्तक्षेप के बाद शव को श्मशान तक पहुंचाया गया, प्रशासन की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मौके पर पूर्व विधायक राममगन रावत, जिला पंचायत सदस्य धीरज यादव व महादेव पाठक, अधिवक्ता बृजेन्द्र सिंह बिज्जू, के साथ साथ हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।
आपको बता दें कि उक्त मामले को लेकर पुलिस द्वारा अब तक 13 लोगों के विरुद्ध हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है व 4 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। उक्त मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि अन्य वांक्षित लोगों की तलाश जारी है जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जायेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







