लखनऊ–24 जून
राजधानी के वीआईपी इलाकों में शुमार गोमतीनगर ज़ोन से एक बेहद लापरवाही भरा मामला सामने आया है।
यहाँ के कमता पावर हाउस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुलायम नगर में बिजली का एक खंभा नीचे से पूरी तरह टूट चुका है।
खंभा बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में हवा में टिका हुआ है लेकिन बिजली विभाग के ज़िम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं|
स्थानीय निवासियों के मुताबिक यह खंभा मुख्य मार्ग और घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास स्थित है खंभे पर भारी-भरकम बिजली के तारों का दबाव है।
नीचे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण यह कभी भी भरभराकर किसी राहगीर या मकान पर गिर सकता है।
मानसून के इस मौसम में तेज़ हवाओं और बारिश के बीच इसके गिरने का खतरा कई गुना बढ़ गया है जिससे किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
कई बार इसकी सूचना देने के बावजूद भी अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
क्या विभाग को किसी बड़ी अनहोनी या हादसे का इंतज़ार है?
कमता पावर हाउस क्षेत्र के अधिकारियों की यह चुप्पी सीधे तौर पर जनता की जान से खिलवाड़ है।
एक तरफ सरकार और बिजली विभाग लाइन लॉस रोकने और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े दावे करते हैं वहीं दूसरी तरफ ज़मीनी हकीकत यह है कि टूटे हुए खंभे को बदलने तक की ज़हमत नहीं उठाई जा रही है|
बिजली का खंभा नीचे से पूरी तरह टूटकर बेहद संवेदनशील स्थिति में है।
कभी भी गिर सकता है करंट फैलने और बड़ी दुर्घटना की पूरी आशंका लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन हैं।
लखनऊ की जनता कब तक बिजली विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा भुगतेगी?
क्या एलडीए और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के आला अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर तुरंत नया खंभा लगवाएंगे, या फिर हादसे के बाद ही उनकी नींद टूटेगी?
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह
#gomtinagarzonelesa #mdmvvnl #ChairmanUppcl #EMofficeUP #LucknowNews








