गोमती नगर/लखनऊ–06 जून
राजधानी के पॉश इलाके गोमती नगर के विराम खण्ड-5 क्षेत्र में पानी की किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है क्षेत्र में स्थापित 14 इंच के तीन ट्यूबवेलों में से दो लंबे समय से पूरी तरह खराब पड़े हैं जिसके कारण स्थानीय निवासियों को इस भीषण गर्मी के मौसम में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस या स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
गोमती नगर जनकल्याण महासमिति के कार्यवाहक संयुक्त सचिव व अधिवक्ता नित्यानंद पाण्डेय ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर इस विकट समस्या से अवगत कराया है उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति के लिए कुल तीन ट्यूबवेल स्थापित किए गए थे।
वर्तमान में इनमें से केवल एक ही ट्यूबवेल (मकान संख्या-5/693 के निकट) चालू स्थिति में है जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति करना असंभव हो रहा है।
शेष दो ट्यूबवेल (जो मकान संख्या-5/305 और 5/86 के निकट स्थित हैं) लंबे समय से तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े हैं।
चालू ट्यूबवेल भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है जिसके कारण क्षेत्र की मुख्य पानी की टंकी पूरी तरह से भर नहीं पा रही है। पानी का भंडारण न होने की वजह से निवासियों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
महासमिति के पदाधिकारी का कहना है कि मई-जून की इस झुलसा देने वाली गर्मी में पानी की मांग दोगुनी हो जाती है लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण नागरिक परेशान हैं।
पत्र के माध्यम से नगर निगम प्रशासन से पुरजोर मांग की गई है कि खराब पड़े दोनों ट्यूबवेलों की अति शीघ्र मरम्मत कराई जाए या विभाग द्वारा तत्काल नया ट्यूबवेल लगाया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को सुचारू रूप से जल आपूर्ति मिल सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







