तिलोई–04 जून
तिलोई,अमेठी सिंहपुर, क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर अकबरगंज रेलवे स्टेशन के निकट एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी अमरजीत साहू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका उपचार लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
मृतक के पुत्र देवी प्रसाद साहू ने बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे उनके पिता दवा लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह रिश्तेदारों के माध्यम से सूचना मिली कि इन्हौना थाना क्षेत्र स्थित अकबरगंज रेलवे क्रॉसिंग के गेट संख्या 142 के पास एक बुजुर्ग का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने अकबरगंज रेलवे स्टेशन पर शव की तस्वीर देखकर उसकी पहचान अमरजीत साहू के रूप में की।
स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को जीआरपी लखनऊ ने अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इन्हौना थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि घटना रेलवे क्षेत्र से संबंधित होने के कारण मामले की जांच और कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मामले की जांच जारी है।
ब्यूरो चीफ़
शिवम् अवस्थी







