बनीकोडर/बाराबंकी–04 जून
विकास खंड बनीकोडर क्षेत्र के ग्राम पूरे पहलवान मजरे धारूपुर निवासी रमा पति पुत्र रामहेत ने उप जिलाधिकारी बाराबंकी को शिकायती पत्र देकर राशन कार्ड में कथित रूप से फर्जी तरीके से नाम जोड़कर कई वर्षों से राशन हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।शिकायती पत्र के अनुसार, रमापति का अंत्योदय राशन कार्ड ग्राम पंचायत धारूपुर में पंजीकृत है तथा वह नियमित रूप से राशन लेने जाता था। आरोप है कि कोटेदार द्वारा कभी राशन न आने और कभी ई-केवाईसी न होने का हवाला देकर उसे राशन देने में टालमटोल की जाती रही। शिकायतकर्ता का कहना है कि 2 जून 2026 को ई-केवाईसी कराने के दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके राशन कार्ड में ग्राम प्रधान प्रयाग नारायन की पत्नी अनीता देवी तथा पुत्र के रूप में प्रियांशु गुप्ता का नाम दर्ज है।
रमापति ने आरोप लगाया है कि उक्त दोनों व्यक्ति उसके परिवार के सदस्य नहीं हैं और न ही उसकी जाति अथवा परिवार से कोई संबंध रखते हैं। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि राशन कार्ड में दर्ज इन नामों के आधार पर कई वर्षों से राशन का उठान किया जाता रहा है।
शिकायतकर्ता ने कोटेदार और ग्राम प्रधान पर मिलीभगत से कूटरचित अभिलेखों के आधार पर नाम दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की जांच, हड़पे गए राशन की भरपाई तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग उप जिलाधिकारी जिलाधिकारी जिला पूर्ति अधिकारी से की है।
ब्यूरो चीफ़
शिवम् अवस्थी







