लखनऊ–30 मई
राजधानी के गोमती नगर ज़ोन से बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है।
सेक्टर 05 पावर हाउस क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर के पास विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों को ताक पर रख दिया है।
यहाँ एक अस्थाई कनेक्शन देने के लिए नियमों के विपरीत साधारण केबल का इस्तेमाल किया गया है जबकि नियमानुसार यहाँ मजबूत आर्मर्ड केबल लगाई जानी चाहिए थी।
कामाख्या मंदिर के पास खुले आसमान के नीचे एक कंक्रीट के खंभे पर नया बिजली मीटर नॉर्मल केबल के सहारे लगाया गया है।
इस मीटर से आ रहे और जा रहे तार पूरी तरह असुरक्षित हैं मिली जानकारी के अनुसार कंपनी के कर्मचारियों ने जल्दबाजी और लापरवाही में यहाँ नॉर्मल पीवीसी केबल लटका दी है।
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि पतली और बिना सुरक्षा कवच वाली यह नॉर्मल केबल खंभे और दीवार के तीखे मोड़ों से रगड़ खा रही है और विजली चोरी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
बिजली विभाग के सुरक्षा मानकों के अनुसार किसी भी अस्थाई कनेक्शन या खुले में दिए जाने वाले कनेक्शन के लिए आर्मर्ड केबल का उपयोग अनिवार्य है।
इस केबल के अंदर स्टील या एल्युमिनियम की एक मजबूत सुरक्षा परत होती है यह तार को कटने फटने तेज धूप बारिश और बाहरी दबाव से बचाती है एवं बिजली चोरी की संभावना न के बराबर रह जाती है।
साधारण केबल धूप और मौसम की मार से बहुत जल्दी गल जाती है।
खंभे या कंक्रीट से रगड़ खाने पर इसका प्लास्टिक इंसुलेशन छिल जाता है जिससे पूरे खंभे में करंट उतरने और बिजली चोरी होने की प्रबल संभावना होती है|
कामाख्या मंदिर एक सार्वजनिक और व्यस्त क्षेत्र है जहाँ श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का लगातार आना-जाना रहता है ऐसे में बारिश के मौसम में या तेज हवा चलने पर अगर यह केबल छिल गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह







