पत्रकार ने सभासद प्रतिनिधि व साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया,एसपी को भेजा प्रार्थना-पत्र
बाराबंकी/फतेहपुर–06 मार्च
कस्बे में नाली निर्माण कार्य को लेकर उठे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। स्थानीय पत्रकार ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाने के बाद अपने और अपने परिवार के साथ मारपीट व अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक को डाक के माध्यम से प्रार्थना-पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि फतेहपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला फैयाज पुरा निवासी पत्रकार बेचेलाल कश्यप ने अपने प्रार्थना-पत्र में कहा है कि उनके घर के पास नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। उनका कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रक्रिया को लेकर उन्हें कुछ अनियमितताएं दिखाई दीं, जिस पर उन्होंने एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में सवाल उठाए थे। फिलहाल मामला दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने आई है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। बॉक्सः निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जिस नाली निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। उसकी गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को लेकर भी कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी विभागीय स्तर पर आधिकारिक जांच की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट
दैनिक सुदर्शन प्रवाह








